Bhopal Crime News : टीटी नगर थाना क्षेत्र का मामला। एक साल पहले हुई थी दोस्ती। बीते साल दीपावली पर अकेलेपन का फायदा उठाकर किया था दुष्कर्म।
Bhopal Crime News : भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी के टीटी नगर इलाके में रहने वाली चौदह साल की एक बालिका के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपित भी नाबालिग है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता के गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद परिजनों ने पीड़िता के साथ थाने पहुंचकर एफआइआर दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली 14 किशोरी घरेलू काम करती है। उसकी मां मानसिक रूप से कमजोर है, जबकि बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। करीब एक साल पहले किशोरी की आरोपित से पहचान हुई थी। बाद में उसका घर आना-जाना हो गया।
पिछले साल दीवाली पर नाबालिग ने किशोरी को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद वह बदनामी का डर दिखाकर लगातर उसका शोषण करने लगा। हाल ही में एक दिन किशोरी की तबीयत बिगड़ गई। इस पर बड़ी बहन उसे लेकर डाक्टर के पास पहुंची, तब जाकर उसके गर्भवती होने का पता चला। उसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और नाबालिग के खिलाफ केस दर्ज करवाया। पुलिस ने बाल अपचारी को अभिरक्षा में ले लिया है।
Bhopal Crime News : महिला से सहकर्मी ने किया दुष्कर्म
उधर, रातीबड़ इलाके में 45 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला के साथ आरोपित एक ही कारखाने में काम करता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
रातीबड़ थाना प्रभारी सुदेश तिवारी के मुताबिक महिला ने बताया कि फर्रू नामक युवक ने महिला के साथ 24 फरवरी को दुष्कर्म किया था, बाद में आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी दी, इसलिए वह उस समय एफआइआर कराने नहीं पहुंची थी। बाद में मामला दर्ज कराने के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।